रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती : एक रात में 35 नशे में धुत चालक पकड़े गए,अब तक 3668 पर कार्रवाई

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती : एक रात में 35 नशे में धुत चालक पकड़े गए,अब तक 3668 पर कार्रवाई

9 प्रमुख चौराहों पर देर रात अभियान, ट्रैफिक पुलिस ने कहा- नशे में वाहन चलाने वालों पर रहेगी जीरो टॉलरेंस

रायपुर। राजधानी में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। रविवार रात शहर के 9 प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाकर 35 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 27 कार, 3 पिकअप, 3 दोपहिया और 2 ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले।

पुलिस ने बताया कि वर्षभर चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 3668 ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं। ऐसी स्थिति में टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।