प्रदेश में 48 घंटे से झमाझम बारिश, भिलाई-रायपुर में सडक़ें बनीं तालाब : हजारों घरों में घुसा पानी

प्रदेश में 48 घंटे से झमाझम बारिश, भिलाई-रायपुर में सडक़ें बनीं तालाब : हजारों घरों में घुसा पानी
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। पिछले 48 घंटे से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण कई शहरों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। रायपुर के टाटीबंध सहित कई निचले इलाकों में घरों और सडक़ों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार और रविवार को हुई लगातार बारिश से रायपुर के टाटीबंध, फाफाडीह समेत कई निचले इलाकों और बस्तियों में घरों में पानी घुस गया। कई सडक़ें तालाब जैसी नजर आईं, जबकि घरों के बाहर खड़ी कारों के पहिए तक पानी में डूब गए। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और छह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश का असर अलग-अलग जिलों में भी देखने को मिला। बिलासपुर में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, भिलाई में लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सडक़ें लबालब हो गईं। सुपेला कोसा नाला, नेहरू नगर, राधिका नगर, तालपुरी और कैंप क्षेत्र में सडक़ों पर इतना पानी भर गया कि वे तालाब जैसी नजर आने लगीं।
33 प्रतिशत कम बारिश
आंकड़ों के मुताबिक, 5 जुलाई तक राज्य में सामान्य तौर पर 247.7 मिलीमीटर (9.7 इंच) बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक 167.2 मिमी (6.5 इंच) ही दर्ज की गई है। जो कि औसत से करीब 33त्न की कम है। हालांकि राहत की बात यही है कि लगातार बारिश की वजह से भरपाई होने की उम्मीद है।
आठ तक रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां मजबूत रहेंगी। इस दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवा और बिजली गिरने की भी आशंका है।
डूबने से दो बच्चों की मौत
गरियाबंद जिले के कोपरा में रविवार को लगातार बारिश के बीच दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रहे 6 वर्षीय योगेश साहू और 5 वर्षीय सुमन साहू की कचरा फेंकने के लिए बने घुरवा गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बारिश के कारण गड्ढे में 10 से 12 फीट पानी भरा था, जिससे दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके।
नदी में फंसे मजदूरों का रेस्क्यू
दुर्ग, जगदलपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव समेत प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है। वहीं, गरियाबंद जिले में बगनई नदी का जलस्तर अचानक बढऩे से 14 मजदूर नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलने पर प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।