भीषण सड़क हादसे में तीन भाई-बहनों समेत चार की मौत
त्योहार की खुशियां मातम में बदली
राजनांदगांव (चैनल इंडिया)। छुरिया थाना क्षेत्र के शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19), भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी (25) तीनों सगे भाई-बहन थे। दोनों बहनें शादीशुदा थीं और त्योहार मनाने के लिए अपने मायके आई हुई थीं। एक सितंबर को तीनों त्योहार की खरीदारी करने बाइक से छुरिया गए थे। खरीदारी के बाद शाम को वे वापस अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे में संदीप साहू और उनकी एक बहन भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वहीं हादसे में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खेत में पलट गई। वाहन में सवार चार लोगों में से भोलापुर निवासी 65 वर्षीय कमल बंजारे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
admin



