शंकराचार्य आश्रम में 29 से चातुर्मास महोत्सव

शंकराचार्य आश्रम में 29 से चातुर्मास महोत्सव
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी  के बोरियाकला स्थित शंकराचार्य आश्रम में इस वर्ष चातुर्मास का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आश्रम प्रमुख डॉ. इंदुभवानंद ने बताया कि गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाला यह आध्यात्मिक पर्व 29 जुलाई से शुरू होकर 26 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, वेदांत पाठ, रुद्राभिषेक, प्रवचन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. इंदुभवानंद ने बताया कि चातुर्मास सन्यासियों का सबसे महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है। इसे ज्ञान सत्र के रूप में भी जाना जाता है। सामान्यत: सन्यासी वर्षभर भ्रमण करते हैं, लेकिन चातुर्मास के दौरान वे एक ही स्थान पर रहकर साधना, अध्ययन और आध्यात्मिक चिंतन में समय व्यतीत करते हैं। उन्होंने बताया कि चातुर्मास की शुरुआत गुरु पूर्णिमा पर व्यास पूजन के साथ होगी और इसका समापन भाद्रपद शुक्ल पूर्णिमा को होगा। इस अवधि में आश्रम में प्रतिदिन सुबह भगवान शिव के समक्ष वेदांत का पाठ किया जाएगा। इसके बाद रुद्राभिषेक और भंडारे का आयोजन होगा।
सायंकालीन सत्र में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक ग्रंथों और पुराणों पर प्रवचन आयोजित किए जाएंगे। शिव पुराण, देवी भागवत, श्रीमद्भागवत सहित अन्य ग्रंथों के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान का प्रसार किया जाएगा। आश्रम में प्रतिदिन ज्ञान सत्र भी संचालित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आश्रम प्रबंधन का कहना है कि चातुर्मास के दौरान प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से संत, सन्यासी और श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। आयोजन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को धार्मिक कार्यक्रमों में सुगमता से शामिल होने का अवसर मिल सके।