सेकंड हैंड कार से घूमने निकले दोस्तों की गाड़ी खेत में पलटी, एक की मौत; दो घायल
जांजगीर चांपा। सेकंड हैंड कार खरीदने की खुशी में घूमने निकले तीन दोस्तों की गाड़ी पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसो में अनियंत्रित होकर नाले के पास खेत में पलट गई। हादसे में पीछे की सीट पर बैठे युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुत्ते को बिलासपुर छोड़कर लौट रहे थे दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, तुस्मा निवासी जयकुमार साहू, खरौद निवासी चिनमय राज देवांगन और गिधौरी निवासी अभय कुमार दोस्त थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने सेकंड हैंड कार खरीदी थी। इसी खुशी में तीनों रविवार, 11 अक्टूबर की रात कार से घूमने निकले थे।
रास्ते में उन्हें सड़क किनारे एक लावारिस कुत्ता मिला। तीनों उसे बिलासपुर स्थित पशु केंद्र छोड़ने गए थे। वहां से वापस लौटते समय सोमवार सुबह करीब 4 बजे ग्राम भैंसो में नाले के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
पीछे की सीट पर बैठे युवक की मौत
हादसे के समय चिनमय राज देवांगन कार चला रहा था, जबकि अभय कुमार आगे की सीट पर और जयकुमार साहू पीछे बैठा था। दुर्घटना में जयकुमार साहू की मौत हो गई। वहीं, चिनमय राज और अभय कुमार घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पामगढ़ अस्पताल पहुंचाया।
झपकी आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह के समय चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने से कार बेकाबू हो गई और नाले के पास खेत में पलट गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पामगढ़ थाना प्रभारी राकेश सूर्यवंशी ने बताया कि कार में सवार तीन युवक बिलासपुर से लौट रहे थे। ग्राम भैंसो के पास हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
admin



