मालवीय रोड-शास्त्री बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान : ठेले-गुमटियां हटाईं,सड़क पर सामान फैलाने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी के व्यस्त मालवीय रोड और शास्त्री बाजार में शनिवार को यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले-गुमटियों को हटाया गया, वहीं दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों पर भी कार्रवाई की गई।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर चलाए गए अभियान का उद्देश्य व्यस्त बाजार क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाना और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना था।
*व्यापारियों को दी सख्त चेतावनी*
अभियान के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश दी कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं। इन स्थानों पर कब्जा करने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
*कार्रवाई के बाद यातायात हुआ सुगम*
संयुक्त कार्रवाई के बाद मालवीय रोड और शास्त्री बाजार क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुचारु नजर आया। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलते रहने चाहिए, ताकि सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और आवागमन सुरक्षित बना रहे।
*डीसीपी की अपील*
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

admin 




