सीमेंट पोल से सिर कुचलकर महिला की हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी

सीमेंट पोल से सिर कुचलकर महिला की हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी

आरंग। रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका है कि अज्ञात आरोपी ने सीमेंट के पोल से सिर पर वार कर महिला की हत्या की और मौके से फरार हो गया।

मृतका की पहचान ग्राम जुगेसर निवासी बसंती निषाद (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने महिला का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटनास्थल से मिले सीमेंट पोल के टुकड़े

सूचना मिलने पर मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल से खून से सने सीमेंट पोल के दो टुकड़े मिले हैं।

प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि महिला के सिर पर सीमेंट पोल से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि हत्या के पीछे की वजह और आरोपी के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस हत्या के मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।

महिला की हत्या की इस वारदात के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।