देश में मौसम का बदला मिजाज, राजधानी में छाए काले बादल

देश में मौसम का बदला मिजाज, राजधानी में छाए काले बादल
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मंगलवार को गर्मी और उमस से परेशान होने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क हुआ लेकिन मौसम विभाग ने 15 जुलाई से मानसूनी एक्टिविटी बढऩे की संभावना जताई है। अबतक प्रदेश में वर्षा सामान्य से 29 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। 
राजधानी में सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना हुआ है। सुबह के वक्त बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश में मंगलवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई। मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। प्रदेश में 15 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। राजधानी और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार को बदली रहने के साथ बारिश और बादल गरजने-चमकने की स्थिति बन सकती है।
कई जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर तेज हवा चलने, बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.