फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर करता था ठगी, नौकरी और ट्रांसफर का झांसा देकर लाखों ऐंठे; रायपुर पुलिस ने दबोचा
रायपुर। राजधानी रायपुर में खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर लोगों से नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान पत्र, एडिटेड तस्वीरों और सरकारी रुतबे का झांसा देकर लोगों का विश्वास जीतता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, सरकारी दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी और "भारत सरकार" लिखी कार जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज एक शिकायत के आधार पर हुआ। शिकायतकर्ता गुरु नारायण ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ट्रेन यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय से हुई थी। आरोपी ने खुद को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताते हुए प्रभावशाली अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा किया और मनचाही जगह ट्रांसफर व पोस्टिंग कराने के नाम पर पांच लाख रुपये ले लिए।
कुछ समय बाद आरोपी ने विभिन्न विभागों के कथित पहचान पत्र और दस्तावेज दिखाए, जिन पर संदेह होने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एडिटेड तस्वीरों से बनाता था भरोसा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फोटो एडिटिंग के जरिए खुद को केंद्रीय मंत्रालयों के अधिकारियों और वीआईपी हस्तियों के साथ दिखाता था। इन तस्वीरों और फर्जी पहचान पत्रों के सहारे वह लोगों को सरकारी नौकरी, ट्रांसफर, पोस्टिंग और अन्य शासकीय कार्य कराने का भरोसा दिलाकर मोटी रकम वसूलता था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस के अनुसार, ठगी से मिली रकम का इस्तेमाल उसने महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य लग्जरी सामान खरीदने में किया।
कार पर लिखवाया था 'भारत सरकार'
लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए आरोपी ने अपनी कार पर "भारत सरकार" भी लिखवा रखा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड से जुड़े दस्तावेज, नकद राशि और घटना में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29 वर्ष) निवासी राजपुर नौरंग रायकेडेरा, बिहार तथा वर्तमान पता अमलेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। आशंका है कि पूछताछ में ठगी के कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।
यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, सिविल लाइन थाना और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से जुड़े अन्य पीड़ितों तथा संभावित सहयोगियों की भी पहचान की जा रही है।

admin 




