विवेकानंद एयरपोर्ट में खुलेगी ‘फ्लाईब्रेरी’ 

विवेकानंद एयरपोर्ट में खुलेगी ‘फ्लाईब्रेरी’ 

विवेकानंद एयरपोर्ट में खुलेगी ‘फ्लाईब्रेरी’ 

- प्लेन में पढ़ सकेंगे मनपसंद किताबें

- जहां उतरे वहां करनी होगी जमा

रायपुर (चैनल इंडिया)। लाइब्रेरी की तर्ज पर जल्दी ही स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर फ्लाईब्रेरी खुलेगी। विमान यात्री यहां से अपनी मनपसंद किताब लेकर सफर में जा सकेंगे। नियम यह होगा कि उन्हें यात्रा खत्म होने वाले एयरपोर्ट पर संबंधित किताब जमा करनी होगी। इसके साथ रायपुर एयरपोर्ट अगले छह माह में और आकर्षक नजर आएगा। इसके लिए विभिन्न सौंदर्याकरण का काम जल्दी ही शुरू होगा।

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के डायरेक्टर के रूप में पिछले आठ महीने से सुविधाओं के विस्तार के कार्यों को मंजूरी देने वाले योगेश नगाईच अब चंडीगढ़ इंटरनेशल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की महती जिम्मेदारी संभालेंगे। बुधवार को विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यों का टेंडर पूरा किया गया है। इसके साथ ही यहां लागू व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 

यात्रियों को विमानतल पर बनाई गई फ्लाईब्रेरी में हिंदी, अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं की किताबें, बच्चों के कॉमिक्स, टूरिस्ट बुक, ज्ञानवर्धक एवं साहित्यिक किताबें उपलब्ध रहेंगी। यात्री इसका उपयोग अपने सफर के दौरान कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें यात्रा खत्म होने वाले विमानतल पर उसे जमा कराना होगा। उन्होंने बताया कि विमानतल पर रात में रोशन करने के लिए तमाम स्ट्रीट लाइट को बदला गया है। टर्मिनल के सामने आने वाले वाहनों के लिए सिक्स लेन की सुविधा के साथ पाथ-वे को भी चौड़ा किया जाएगा।

 यात्रियों को पिकअप करने आने वाले यात्री वाहन के एयरपोर्ट से बाहर निकलने के दौरान होने वाली अनावश्यक भीड़ को कम करने लेन सिस्टम लागू किया गया है। इसमें फॉस्ट टैग वाहन, कैश एवं कार्मशियल वाहनों के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था की गई है। विमानतल पर यात्रियों के लिए टैक्सी चालकों के बीच होने वाले विवाद को समाप्त करने के लिए विभिन्न तरह के कड़े कदम उठाए गए हैं।