नई दिल्ली में भाजपा शासित राज्यों के जल शक्ति मंत्रियों ने किया ‘जल मंथन’, सीएम विष्णुदेव साय हुए शामिल

नई दिल्ली में भाजपा शासित राज्यों के जल शक्ति मंत्रियों ने किया ‘जल मंथन’, सीएम विष्णुदेव साय हुए शामिल

सुशासन और जल प्रबंधन पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में गुरुवार को भाजपा मुख्यालय, नई दिल्ली में भाजपा शासित राज्यों के जल शक्ति मंत्रियों के लिए दो दिवसीय ‘जल मंथन’ कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यशाला में प्रभावी मंत्री-व्यवस्था, देश के जल संसाधनों की स्थिति और संगठन-सरकार के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला में भाजपा शासित 14 राज्यों के 25 जल शक्ति मंत्री शामिल हुए। जल शक्ति से जुड़े विभागों में सिंचाई, ग्रामीण पेयजल, पेयजल एवं स्वच्छता सहित पानी से संबंधित अन्य विभाग शामिल हैं। इन विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे मंत्रियों ने कार्यशाला में अपने अनुभव भी साझा किए।

इससे पहले बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्रियों को संबोधित किया था। उन्होंने सरकार के कामकाज को और प्रभावी बनाने तथा जनता तक योजनाओं का बेहतर परिणाम पहुंचाने पर विचार साझा किए।

गुरुवार को कार्यशाला के पहले सत्र में ‘इफेक्टिव मिनिस्टीरियल एस्टैब्लिशमेंट’ विषय पर चर्चा हुई। इसमें मंत्री के कार्यालय और प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के तरीकों पर मंथन किया गया। इसके बाद ‘व्हाट इज द इंडिया वॉटर स्टोरी’ विषय पर विशेषज्ञों ने भारत के जल संसाधनों के मौजूदा परिदृश्य और भविष्य की चुनौतियों पर जानकारी दी। संगठन और सरकार के बीच बेहतर संबंध एवं समन्वय को लेकर भी अलग सत्र आयोजित किया गया।

कार्यशाला का आयोजन भाजपा के सुशासन एवं पॉलिसी रिसर्च विभाग की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य जल शक्ति मंत्रियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, सरकारों को बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करने और सुशासन के लक्ष्य को मजबूत करना है। पार्टी की ओर से कहा गया कि भाजपा अपनी सरकारों के कामकाज को लगातार बेहतर बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसे प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।