BIG BREAKING: सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर बाबू खेमानी निकला ऑनलाइन सट्टे का मास्टर माइंड, मुंबई से पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायपुर। ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। उसके साथ 7 अन्य आरोपियों को भी मुंबई और गोवा में दबिश देकर पकड़ा गया है। इस कार्रवाई में एक बड़ा पैनल नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में खुलासा हुआ कि बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले ढाई वर्षों से 3Stumps, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित कर रहा था। खास बात यह है कि वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में हाई-प्रोफाइल लोगों को सट्टे में जोड़ता था।
पुलिस ने महाराष्ट्र और गोवा में एक साथ छापेमारी कर गिरोह के नेटवर्क को तोड़ा। गोवा में संचालित लाइन पैनल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। अब तक इस मामले में कुल 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चार राज्यों में फैले सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, राउटर, कैलकुलेटर, सट्टे का हिसाब-किताब, एक्सटेंशन बॉक्स और एक बीएमडब्ल्यू कार जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी लेन-देन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिन्हें किराये पर लिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन के प्रमाण मिले हैं। मामले में वित्तीय जांच जारी है और खाता धारकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।
रेलवे स्टेशन से शुरू हुई थी कार्रवाई
13 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसके बाद ओडिशा, महाराष्ट्र और गोवा तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ।
मुंबई और गोवा में रेड
मुंबई में छापेमारी कर बाबू खेमानी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गोवा में कार्रवाई कर चार अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। वहां से सट्टा संचालन का पूरा सेटअप बरामद हुआ।
पूछताछ में बाबू खेमानी ने बताया कि उसने अपने सोशल मीडिया प्रभाव का उपयोग कर हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को जोड़ा और विभिन्न ऐप व पैनल के जरिए सट्टा संचालित किया। पुलिस अब उसके विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही है, क्योंकि वह दुबई और थाईलैंड की यात्राएं कर चुका है।
पहले भी दर्ज है मामला
करण खेमानी के खिलाफ पहले से ही खम्हारडीह थाना में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। बाबू खेमानी के खिलाफ भी पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
लगातार जारी है कार्रवाई
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट 11 मामलों में 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस दौरान करीब 2.96 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

admin 





