सीएस विकासशील ने स्वयं भरा जनगणना फॉर्म, 30 अप्रैल तक Census पोर्टल पर स्वयं भर सकेंगे जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं गणना के लिए स्व-जनगणना प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर दिया गया है।
मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील ने स्वयं स्व-जनगणना के तहत अपनी जानकारी दर्ज कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज कुमार पिंगुआ, जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर आसानी से अपना विवरण भर सकते हैं। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने भी पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लोग अपनी सटीक और पूर्ण जानकारी स्वयं साझा कर सकेंगे।
स्व-जनगणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। इस दौरान प्रत्येक मकान का विवरण, घर की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य मूलभूत जानकारी दर्ज की जाएगी।
जिन नागरिकों ने स्व-गणना के तहत जानकारी भर दी है, उन्हें प्रगणक के आने पर अपनी SE ID साझा करनी होगी। वहीं, जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए भी चिंता की बात नहीं है, क्योंकि निर्धारित अवधि में प्रगणक उनके घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे।
राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय के संयुक्त संचालक प्रदीप साव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

admin 





