पहली ही तेज बारिश में खुली रायपुर रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल, प्लेटफॉर्म पर झरने की तरह गिरा पानी
रायपुर। ए-1 श्रेणी में शामिल रायपुर रेलवे स्टेशन पर मानसून की पहली तेज बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शनिवार शाम करीब 5 बजे हुई जोरदार बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 की छत से कई जगहों पर पानी झरने की तरह टपकने लगा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान शेड के नीचे खड़े यात्री भी भीगने लगे। अचानक छत से पानी गिरने के कारण प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री अपना सामान लेकर सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए।
लगातार बारिश और छत से रिसाव के चलते प्लेटफॉर्म पर पानी जमा हो गया, जिससे यात्रियों को आने-जाने में भी दिक्कत हुई। कई लोगों ने रेलवे स्टेशन की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए कि ए-1 श्रेणी के स्टेशन पर मानसून से पहले आवश्यक मरम्मत और रखरखाव क्यों नहीं किया गया।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने शेड से गिरते पानी और अव्यवस्थाओं के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए। देखते ही देखते ये वीडियो वायरल हो गए और रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
मानसून की पहली ही तेज बारिश में सामने आई इन खामियों ने स्टेशन की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को जल्द से जल्द छतों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था में सुधार करना चाहिए, ताकि आगामी बारिश के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

admin 




