छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन बारिश के आसार, उत्तर और मध्य क्षेत्रों में मध्यम वर्षा की संभावना

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन बारिश के आसार, उत्तर और मध्य क्षेत्रों में मध्यम वर्षा की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिक बारिश के संकेत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सक्रिय है मानसूनी सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डालटेनगंज और कोण्टई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके अलावा पूर्व-पश्चिम दिशा में बना विंड शियर जोन उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रहा है, जिससे प्रदेश में नमी बनी हुई है और वर्षा की गतिविधियों को बल मिल रहा है।

रायपुर में आज बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह धूप खिली रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई को शहर में आंशिक रूप से बादल छाने और बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।