Raipur Crime : पुलिस ने आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते 2 युवकों को दबोचा

Raipur Crime : पुलिस ने आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते 2 युवकों को दबोचा

मोबाइल-स्कूटी समेत 1 लाख का सामान जब्त

रायपुर। आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेल रहे दो आरोपियों को तिल्दा नेवरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, स्कूटी और नकदी सहित करीब 1 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 5 स्थित सिंधी कैंप में सोनू उर्फ हरीश नासानी (33) अपने घर में ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए हार-जीत पर दांव लगाकर सट्टा खेल रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

इसी दौरान विशाल बाजार के पीछे गली में एक अन्य युवक के स्कूटी पर बैठकर मोबाइल से सट्टा खेलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनीश बजाज (25) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और स्कूटी (CG 04 PS 2636) जब्त की गई।

कार्रवाई में दोनों आरोपियों से कुल दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 25 हजार रुपए), एक स्कूटी (35 हजार रुपए) और 40,166 रुपए नकद बरामद किए गए। कुल जब्ती की कीमत करीब 1,00,166 रुपए आंकी गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण कर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।