प्रदेश के कई हिस्सों में पांच दिनों तक लू की चेतावनी

प्रदेश के कई हिस्सों में पांच दिनों तक लू की चेतावनी

राजधानी में रात भी गरम रहने की संभावना

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। ग्रीष्म लहर तो चल ही रही है। रात में भी उष्ण लहर लोगों को बेचैन कर रहा है। रायपुर में सोमवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा तो बिलासपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया।

राजधानी में सोमवार को सुबह से ही सूरज की किरणें चुभने लगी थी। दोपहर में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए।  इससे सूरज की तपन से तो थोड़ी राहत मिली लेकिन उमस बढ़ गई। रायपुर में पिछले दस वर्षों में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। इस वर्ष पारा 43 के पार पहुंचा है लेकिन 44 डिग्री सेल्सियस को छू नहीं पाया है। 

आज अंधड़-बारिश की संभावना
एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और  वज्रपात होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है। कल के बाद अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होने की संभावना है। राजधानी में आज ग्रीष्म लहर चलने और रात भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है।  रायपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।