जमीन विवाद को लेकर वृद्धा की हत्या, एक ही परिवार के 6 सदस्य गिरफ्तार

जमीन विवाद को लेकर वृद्धा की हत्या, एक ही परिवार के 6 सदस्य गिरफ्तार

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम सिधमा में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक वृद्धा की जान ले ली। रिश्तेदारों द्वारा किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्धा की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला बरियो पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल को परिवार के सदस्य घर के पास खेत में काम कर रहे थे, जबकि वृद्धा राजी बाई अपनी नातिन पायल के साथ घर पर थीं। शाम करीब 5 बजे नातिन ने दौड़कर परिजनों को बताया कि दादी के साथ मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे, जहां कुछ रिश्तेदार जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करते हुए वृद्धा के साथ मारपीट कर रहे थे।

परिजनों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। अगले दिन जब परिवार एक कार्यक्रम में गया हुआ था, तब वृद्धा की तबीयत बिगड़ गई और घर लौटने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के बाद पुलिस ने मामले को हत्या में परिवर्तित कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संजय मानिकपुरी, उसकी पत्नी परमेश्वरी उर्फ पनेसरी, सरस्वती उर्फ बुधो, राजकुमारी उर्फ जुईया, चौतू मानिकपुरी और फुलकुंवर शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।