पुलिसकर्मियों पर चढ़ा रील का जुनून, एक सिपाही का हाल में सस्पेंशन, अब दूसरे की वीडियो वायरल

पुलिसकर्मियों पर चढ़ा रील का जुनून, एक सिपाही का हाल में सस्पेंशन, अब दूसरे की वीडियो वायरल

बिलासपुर। न्यायधानी में पुलिसकर्मियों के बीच वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक थमने का नाम नहीं ले रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा हाल ही में एक आरक्षक पर की गई दंडात्मक कार्रवाई के बावजूद अनुशासनहीनता का एक और नया मामला सामने आया है। अब एक दूसरे आरक्षक ने वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर अपनी पत्नी के साथ फिल्मी गानों पर रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की है, जो तेजी से वायरल हो रही है।

कार्रवाई के बाद भी नहीं लिया सबक
अभी कुछ दिन पहले ही मस्तूरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह वर्दी पहने अपनी पत्नी के साथ 'हाय रानी, हेलो रानी' गाने पर डांस कर रहा था। इस पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरक्षक को लाइन अटैच (लाइन हाजिर) कर दिया था। विभाग की इस सख्त कार्रवाई का उद्देश्य अन्य कर्मचारियों को कड़ा संदेश देना था, लेकिन ताजा घटनाक्रम ने पुलिसिया अनुशासन पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

"अब आपकी बारी है": यूजर्स ने दी चेतावनी
नए वायरल वीडियो में आरक्षक अपनी पत्नी के साथ वर्दी में डांस करता नजर आ रहा है। इस वीडियो पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर ने पिछले मामले का हवाला देते हुए कमेंट किया, "अब आपकी बारी है" (संकेत कार्रवाई की ओर था)। इस पर बेखौफ आरक्षक ने भी रिप्लाई में "इंतजार है" लिखकर अपनी निडरता का प्रदर्शन किया।

वर्दी की गरिमा पर सवाल
पुलिस नियमावली के अनुसार, ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि करना जो पद की गरिमा के खिलाफ हो, सख्त वर्जित है। बार-बार इस तरह के वीडियो सामने आने से विभाग की छवि धूमिल हो रही है।