रेप और हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा, कोरिया से हुई गिरफ्तारी

रेप और हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा, कोरिया से हुई गिरफ्तारी

अंबिकापुर। शहर में सनसनी फैलाने वाले रेप और हत्या के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने कोरिया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी जिला छोड़कर फरार हो गया था, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 35,000 रुपए का इनाम भी घोषित किया था। लगातार पतासाजी और दबिश के बाद उसे पकड़ लिया गया है। अब आरोपी को लाने के लिए अंबिकापुर पुलिस टीम कोरिया के लिए रवाना हो चुकी है।

3 अप्रैल को मिला था महिला का रक्तरंजित शव

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास 3 अप्रैल को एक महिला का खून से सना शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था। घटना के बाद पूरे शहर में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले, जबकि चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। साथ ही महिला के प्राइवेट पार्ट से प्लास्टिक की बोतल मिलने से दुष्कर्म की आशंका और गहरी हो गई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने किए रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई जानकारी ने सभी को झकझोर दिया। महिला की छाती की 12 पसलियां बुरी तरह टूटी हुई थीं, जिससे उसके फेफड़े और दिल को गंभीर क्षति पहुंची। सिर की तीन हड्डियां भी टूटी पाई गईं। इसके अलावा गला दबाने के भी स्पष्ट निशान मिले। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के सीने पर अत्यधिक दबाव डाला गया था, जिससे यह साफ है कि उसके साथ बेहद क्रूरता की गई।

महिला की पहचान और पारिवारिक स्थिति

जांच में मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है। लगभग 10 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह घर छोड़कर अलग रहने लगी थी। अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में वह किराए के मकान में रहती थी, जहां उसका 25 वर्षीय बेटा रहता है।

प्रेमी के साथ रहती थी महिला

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला कई-कई महीनों तक घर नहीं लौटती थी। जब वह गंगापुर स्थित मकान में रहती, तब उसके साथ उसका प्रेमी भी रहता था। आरोपी प्रेमी खुद को ‘पुष्पा’ नाम से परिचित कराता था और संदिग्ध व्यवहार करता था। दोनों नशे के आदी थे और कबाड़ बीनकर जीवन यापन करते थे। पारिवारिक हालात के चलते बेटा भी महिला से दूरी बनाए हुए था।

संस्था ने किया अंतिम संस्कार

मृतका के बेटे के अकेले होने के कारण पुलिस ने एक सामाजिक संस्था को सूचना दी। इसके बाद संस्था के सदस्यों ने आगे आकर शनिवार को गंगापुर मुक्तिधाम में महिला का अंतिम संस्कार कराया।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।