अंबेडकर जयंती पर भाजपा हर बूथ पर मनाएगी दीपोत्सव, समरसता भोज सहित प्रतिमा का अनावरण

अंबेडकर जयंती पर भाजपा हर बूथ पर मनाएगी दीपोत्सव, समरसता भोज सहित प्रतिमा का अनावरण

प्रदेशभर में प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान,प्रत्येक बूथ स्तर पर जयंती मनाने की तैयारी

रायपुर। अंबेडकर जयंती पर भाजपा प्रदेशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी दी।  उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को गरिमा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री सोनी ने बताया कि जयंती को गरिमामय बनाने के लिए पार्टी ने व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत 13 अप्रैल को सुबह अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही आज शाम पूरे प्रदेश में बाबा साहेब के सम्मान में दीपोत्सव का आयोजन भी बूथ स्तर पर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को सभी बीजेपी कार्यालयों में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ स्तर पर जयंती मनाने की तैयारी है। इस दिन समरसता भोज का भी आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है।

अखिलेश सोनी ने बताया कि 15 से 20 अप्रैल के बीच प्रदेशभर में बाबा साहेब के विचारों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश सोनी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। वहीं, बीजेपी सरकार आने के बाद हर स्तर पर उनका सम्मान बढ़ा है।

भारतीय जनता पार्टी करेगी प्रदेश भर में विविध कार्यक्रम

डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके सम्मान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश भर में कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रतिवर्ष भारतीय जनता पार्टी डॉ. अंबेडकर की जयंती को गरिमा और सम्मान के साथ देशभर में मनाती है। इसी कड़ी में 14 अप्रैल को पूरे देश भर में प्रभावशाली ढंग से मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कार्यक्रमों की घोषणा की है।

कार्यक्रमों की कड़ी में सबसे पहले भाजपा ने सोमवार सुबह अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष स्वच्छता अभियान चलाया।
प्रदेश के सैकड़ों स्थान पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। 13 अप्रैल की शाम भाजपा के सभी कार्यकर्ता जहां-जहां भी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा हैं, सभी स्थलों पर दीप उत्सव का कार्यक्रम बाबा साहब के सम्मान में करेगी।

डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और कृतित्व और व्यक्तित्व के बारे में बताया जाएगा। उनके द्वारा देश के लिए किए योगदानोंपर चर्चा की जाएगी।

सोनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के छह कार्यक्रम होते हैं। इसमें से एक बाबा साहब की जयंती का कार्यक्रम 14 अप्रैल को होगा। इस विशेष संपर्क अभियान में समरसता भोज का आयोजन होगा। बाबा साहब के मानने वाले लोगों के  बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विष्णुदेव साय,भारतीय जनता पार्टी के संदेशों को पहुंचाया जाएगा।इससे प्रदेश के विकास में सहभागी बनाया जाएगा।

सोनी ने  बताया कि रायपुर में भी 14 तारीख को समरसता भोज आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव सहित पदाधिकारी और सभी मौजूद रहेंगे।