मां बनी हत्यारिन: ढाई साल के मासूम की हत्या कर जंगल की खाई में फेंका, अपहरण की झूठी कहानी से पुलिस को किया गुमराह

मां बनी हत्यारिन: ढाई साल के मासूम की हत्या कर जंगल की खाई में फेंका, अपहरण की झूठी कहानी से पुलिस को किया गुमराह

रायगढ़। जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कापू थाना क्षेत्र में ढाई साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले की जांच में जो सच सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला था—इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाली कोई और नहीं, बल्कि बच्चे की अपनी ही मां निकली।

प्रारंभिक जानकारी में आरोपी महिला ने पुलिस को बच्चे के लापता होने की सूचना दी और अपहरण की कहानी गढ़कर मामले को दूसरी दिशा देने की कोशिश की। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान और घटनाक्रम में कई तरह के विरोधाभास नजर आए, जिससे शक गहराता गया।

पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो आखिरकार महिला टूट गई और अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने ही मासूम बेटे की पत्थर से वार कर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल की खाई में फेंक दिया।

महिला की निशानदेही पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची, जहां से खून के निशान और वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद किया गया। बाद में मासूम का शव भी बरामद कर लिया गया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।