महासमुंद में शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, TI समेत कई घायल; 10 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में सोमवार को शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना पटेवा थाना क्षेत्र के पचरी गांव की है, जहां उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस हमले में पटेवा थाना प्रभारी (TI) सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पटेवा पुलिस फरार आरोपी विजय मार्कंडेय और विनोद मार्कंडेय को गिरफ्तार करने पचरी गांव पहुंची थी। पुलिस ने जब आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने की कोशिश की, तभी उनके परिजन और स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पत्थरों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान शासकीय वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
हालांकि, हमले के बावजूद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए कार्रवाई जारी रखी और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गौरतलब है कि महासमुंद जिले में इससे पहले भी शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

admin 





