रायपुर की थ्री डी फैक्ट्री में विस्फोट के बाद बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री सील; मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री का संचालन पूरी तरह बंद करा दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है, जबकि फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में फेरो अलॉय का निर्माण किया जाता था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फेरो एलॉय डिवीजन में संचालित फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तीन श्रमिकों की जान चली गई।
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुआ विस्फोट अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

admin 




