रायपुर में किंग कोहली का तूफान शतक ठोका, आरसीबी नंबर-1 

रायपुर में किंग कोहली का तूफान शतक ठोका, आरसीबी नंबर-1 

रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार रात विराट कोहली का बल्ला जमकर गरजा। उनके नाबाद 105 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हराकर आईपीएल पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के साथ आरसीबी के 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं।

बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ, लेकिन विराट कोहली के इरादों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने जोरदार वापसी करते हुए सिर्फ 60 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 105 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14 हजार रन पूरे कर इतिहास रच दिया। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही उन्होंने आईपीएल में 2023 के बाद अपना पहला शतक भी जड़ा। इस जीत के साथ आरसीबी प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंच गई है, जबकि केकेआर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 11 मैचों में सिर्फ 9 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर बनी हुई है।

खेल में नहीं होनी चाहिए राजनीतिः राजीव शुक्ला
मैच के लिए रायपुर पहुंचे राज्यसभा सांसद और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि जब वह आईपीएल के चेयरमैन थे, तब भी रायपुर में दो मुकाबलों का आयोजन कराया गया था। उन्होंने कहा कि इस बार आईपीएल प्रबंधन ने दो मैचों के लिए रायपुर को चुना है। उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले और बड़े क्रिकेट आयोजन छत्तीसगढ़ में हो रहे हैं, जिसका फायदा यहां के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को क्रिकेट और खेल के क्षेत्र में अधिक अवसर मिलें। रायपुर जैसे शहर में आईपीएल मैच होना प्रदेश के लिए बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा छत्तीसगढ़ आता रहता हूं। क्रिकेट और खेल में कभी राजनीति नहीं होनी चाहिए।