हावड़ा-मुंबई मेल में मिले कॉकरोच : 16 पर केस, 49 हजार से ज्यादा जुर्माना
रायपुर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए दुर्ग स्टेशन पर सख्त अभियान चलाया। वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बिना टिकट यात्रियों और अनाधिकृत वेंडिंग करने वालों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 16 लोगों पर रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए। 59 बिना टिकट, 15 अनियमित टिकट और 2 बिना बुक सामान वाले यात्रियों से कुल 49,100 रुपए जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में और मंडल वाणिज्य प्रबंधक राकेश सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में 4 वाणिज्य निरीक्षक और 2 टीटीई शामिल थे।
इसी दौरान स्टॉल्स पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जांच की गई। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर चलाए जा रहे पेस्ट कंट्रोल ड्राइव के तहत ट्रेनों के पैंट्रीकार की जांच में गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा-मुंबई मेल में कॉकरोच पाए गए, जबकि पेस्ट कंट्रोल किया जा चुका था।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और केवल अधिकृत वेंडरों से ही सामान खरीदें। किसी भी असुविधा की स्थिति में यात्री हेल्पलाइन नंबर 139 या रेल मदद का उपयोग कर सकते हैं।

admin 





