इंस्टाग्राम पर डॉक्टर बनकर दोस्ती, विदेश से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से 3.23 लाख की साइबर ठगी
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर खुद को डॉक्टर बताने वाले एक ठग ने 28 वर्षीय महिला से दोस्ती कर उसे विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा दिया और 3.23 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, कुशालपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास रहने वाली युवती की करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। आरोपी ने सोशल मीडिया पर खुद को डॉक्टर बताते हुए महिला से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया। बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप पर भी नियमित बातचीत होने लगी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खुद को विदेश में कार्यरत डॉक्टर बताया और महिला से उसकी तस्वीरें व वीडियो भी प्राप्त किए। कुछ समय बाद उसने दावा किया कि उसने महिला के लिए विदेश से महंगे उपहार भेजे हैं। इसी बहाने उसने महिला का पता भी हासिल कर लिया।
इसके बाद 4 जून को महिला के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़ी एक कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि गिफ्ट छुड़ाने के लिए कुछ शुल्क जमा करना होगा। महिला को एक क्यूआर कोड भेजा गया, जिस पर उसने पहली बार 6 हजार रुपये का भुगतान किया।
प्रारंभिक भुगतान के बाद आरोपियों ने कस्टम ड्यूटी, टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज के नाम पर लगातार अलग-अलग रकम मांगना शुरू कर दिया। महिला ने 4 जून से 20 जून के बीच विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3 लाख 23 हजार 998 रुपये आरोपियों के खातों में जमा कर दिए।
बार-बार भुगतान करने के बावजूद न तो कोई गिफ्ट मिला और न ही जमा की गई राशि वापस की गई। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल नंबर, बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

admin 




