सोलर पैनल लगाते समय बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत

सोलर पैनल लगाते समय बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों युवक एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे, तभी वे हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग जिले के ग्राम औंधी के निवासी थे और सोलर पैनल इंस्टॉलेशन का कार्य कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर तीन मजदूर सोलर पैनल स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान सोलर पैनल या उसे उठाने के लिए उपयोग किया जा रहा लोहे का उपकरण मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही तेज करंट दौड़ गया, जिससे प्रमोद और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के समय छत पर मौजूद तीसरा मजदूर भी वहीं काम कर रहा था, लेकिन वह करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस और थाना प्रभारी विनय बघेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस तीसरे मजदूर और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ या अन्य किसी वजह से। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस दुखद घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ऊंची इमारतों पर काम के दौरान सुरक्षा उपायों को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।