जादू-टोना के शक में गला रेतकर हत्या, गीदम पुलिस की बड़ी कार्रवाई
किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
गीदम (दंतेवाड़ा)। थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम हीरानार पातरपारा में जादू-टोना के शक में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हीरानार पातरपारा निवासी सरस्वती यादव (43 वर्ष) ने थाना गीदम में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थीं, जबकि उनके पति नेहरू यादव आंगन में बैठे हुए थे। उसी दौरान गांव के निवासी अमितराम लेकामी और दशमु लेकामी उनके घर पहुंचे और नेहरू यादव पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर दशमु लेकामी ने नेहरू यादव को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। इसी बीच अमितराम लेकामी ने अपने साथ लाए धारदार चाकू से उनके गले पर हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण नेहरू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने सरस्वती यादव को भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के समय मृतक का पुत्र मनोज यादव भी काम से घर लौट रहा था, जिसने आरोपियों को घटनास्थल से भागते हुए देखा।
परिजनों के अनुसार आरोपी पहले भी नेहरू यादव पर जादू-टोना का आरोप लगाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 26/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 351(3), 3(5) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन और एसडीओपी बारसूर गोविंद दीवान के पर्यवेक्षण में निरीक्षक विजय पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

admin 









