डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल में उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल में उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट

किरंदुल। डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उदिता श्रीवास्तव का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं तिलक लगाकर स्वागत के साथ किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस. के. श्रीवास्तव द्वारा सभी शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने गीत, नृत्य, भाषण एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।

प्राचार्य एस. के. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी और पुरुष एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने अर्धनारीश्वर का उदाहरण देते हुए बताया कि प्राचीन काल से ही नारी समाज और परिवार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि उदिता श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया गीत भी सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपनी अभिनय एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।

समारोह के अंत में सभी के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई। अंत में समस्त शिक्षिकाओं ने प्राचार्य का आभार व्यक्त किया। इस प्रकार विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।