महिला दिवस पर राज्यपाल के हाथों सम्मानित हुईं किरंदुल की बेटी डॉ. दिव्या देशमुख
किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
किरंदुल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किरंदुल (जिला दंतेवाड़ा) की बेटी एवं हिंदी साहित्यकार डॉ. दिव्या देशमुख को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। राजधानी में आयोजित एक समारोह में उन्हें राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान एशिया न्यूज भारत एवं न्यूज प्लस 24 द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं एक अन्य समारोह में लावण्या फाउंडेशन द्वारा उन्हें “वूमेनिया 2026 सम्मान” से भी सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि लावण्या फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक जिले से एक प्रतिभावान एवं प्रेरणादायी महिला का चयन कर सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष दंतेवाड़ा जिले से डॉ. दिव्या देशमुख ‘उन्मुखी’ को इस सम्मान के लिए चुना गया।
डॉ. दिव्या देशमुख को यह सम्मान साहित्य के माध्यम से समाज में नारी सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता तथा मानवीय संवेदनाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया गया। उनकी रचनाएं समय-समय पर विभिन्न समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं तथा वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन कर रही हैं।
सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. दिव्या देशमुख ‘उन्मुखी’ ने इस उपलब्धि को अपने क्षेत्र, पाठकों और साहित्य प्रेमियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और महिलाओं की आवाज़ को और अधिक सशक्त रूप से उठाने की प्रेरणा देता है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

admin 









