जांजगीर: छठी कार्यक्रम में जा रहे दादा-पोते को कैप्सूल वाहन ने रौंदा, 12 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

जांजगीर: छठी कार्यक्रम में जा रहे दादा-पोते को कैप्सूल वाहन ने रौंदा, 12 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने एक परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के अंतर्गत शबरी पुल के पास एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दादा-पोते को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 12 साल के मासूम पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दादा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

छठी उत्सव में शामिल होने जा रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोंगाकोहरौद निवासी मोहनलाल दिनकर (60 वर्ष) अपने पोते विवेक दिनकर (12 वर्ष) के साथ बाइक (CG 11 AX 3548) पर सवार होकर परसाडीह गांव जा रहे थे। परिवार में एक बच्चे के जन्म के बाद आयोजित 'छठी' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोनों घर से निकले थे।

हादसे का मंजर: पिछले चक्के के नीचे आया मासूम

हादसा शिवरीनारायण के पुराने तहसील कार्यालय के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से आ रहे एक कैप्सूल वाहन (CG 22 X 1164) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दादा मोहनलाल सड़क के एक तरफ जा गिरे, लेकिन पीछे बैठा मासूम विवेक सीधे कैप्सूल वाहन के पिछले पहिये के नीचे आ गया। भारी वाहन की चपेट में आने से विवेक का सिर पूरी तरह कुचल गया और उसकी तत्काल मौत हो गई।

आरोपी चालक फरार, दादा की हालत गंभीर

हादसे के बाद घायल मोहनलाल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनके हाथ, पैर और पीठ की चोटों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने फरार कैप्सूल वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।