घुमाने ले गया और कर दी हत्या : 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार,राज खुला तो उड़े होश

घुमाने ले गया और कर दी हत्या : 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार,राज खुला तो उड़े होश

रायपुर। खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी, फाफाडीह के पीछे नाले के पास युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही मध्य जोन डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी सहित पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (25) निवासी चूनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे एक परिचित युवक के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था।
CCTV से मिला सुराग
पुलिस ने मृतक के घर के आसपास और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में राजा के साथ चूनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19) नजर आया, जो उसे घर से लेकर निकला था और घटना स्थल के पास भी मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पैसे के विवाद में हत्या
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और राजा अक्सर साथ घूमते थे। कुछ दिन पहले उसकी गाड़ी में हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा से मांग रहा था। कई बार कहने के बाद भी पैसे नहीं मिलने से वह नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और आवेश में आकर उसने राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपी की तलाश की और घटना के 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।