अमित शाह ने किया बस्तरवासियों से वादा : अगले पांच साल में बस्तर देश का सबसे विकसित संभाग बनेगा
118 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र 2.75 लाख भूमि को सिंचति करने सिंचाई योजना
पर्यटन की अनेक विधाएं शुरू करने का ऐलान
जगदलपुर (चैनल इंडिया)। केन्द्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज बस्तरवासियों से वादा किया है कि अगले पांच साल में बस्तर संभाग देश के सबसे विकसित संभाग बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए काम शुरू हो गया है। बस्तर में 118 एकड़ भूमि में एक विशाल औद्योगिक क्षेत्र बनाया जा रहा है। दंतेवाड़ा-सुकमा के बीच एक ऐसी सिंचाई योजना लाई जा रही है, जिससे 2.75 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी। इसके अलावा पर्यटन की कई विधाओं को यहां शुरू किया जा रहा है, जिससे बस्तर की तस्वीर बदल जाएगी।
बस्तर पंडुम का समापन करने जगदलपुर पहुंचे अमित शाह ने यहां फिर कहा कि तय समय सीमा पर बस्तर नक्सल मुक्त हो जाएगा, इसमें किसी को कोई संशय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम किसी से लडऩा नहीं चाहते हैं, पर कोई गोली चलाए, आईईडी बिछाए, स्कूल बंद कराए, मोबाइल टॉवर जलाए, यह बर्दाश्त नहीं होगा। हम हथियार का जवाब हथियार से ही देंगे। उन्होंने कहा कि माओवाद से कभी किसी का भला नहीं हुआ है। कम्बोडिया, कोलम्बिया और पेरू का उदाहरण देते हुए अमित शाह ने कहा कि नक्सल मुक्त होते ही बस्तर में बंद स्कूल, अस्पतालों को शुरू किया जाएगा। मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे और कनेक्टिविटी पर काम तेज किया जाएगा।
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के प्रशंसा करते हुए अमित शाह ने इसके लिए विष्णुदेव सरकार की सराहना करते हुए एक बार फिर नक्सलियों से अनुरोध किया कि वे हथियार छोडक़र मुख्य धारा में लौट आएं। खासकर उन्होंने नक्सलियों से यह अपील की कि उनके साथ बहुत बच्चियां हैं, वे उनको मुक्त कर दें ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।
पंडुम के विजेताओं को राष्ट्रपति भवन में भोज
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि बस्तर पंडुम में शामिल होने वाली सभी विधाओं के पहले तीन विजेताओं को वे राष्ट्रपति भवन आमंत्रित करें, वहां उनकी कला-संस्कृति का प्रदर्शन हो और वे वहां भोजन करें। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि राष्ट्रपति ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। अब बस्तर की कला और संस्कृति को पूरा देश देख सकेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर की कला और संस्कृति पूरे देश का आभूषण है। बहुत जल्द यह राष्ट्रीय फलक पर देखे जा सकेंगे।
अब बस्तर में बहेगी विकास की गंगा: सीएम
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब बस्तर में विकास की गंगा बहने लगेगी। सिर्फ दो साल के अंदर बस्तर में शांति लौटने लगी है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के कारण संभव होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लडऩे वाले जवानों की सराहना करते हुए कहा कि यह डबल इंजन की सरकार में ही संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि देश का 75 प्रतिशत नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में ही था, लेकिन अब विश्वास होने लगा है कि बहुत जल्द छत्तीसगढ़ इस लाल आतंक से मुक्ति हासिल कर लेगा। मुख्यमंत्री ने बस्तर पंडुम की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आयोजन नहीं बल्कि बस्तर की अस्मिता का प्रतीक है।

admin 









