RTE के तहत 14,403 बच्चों को निजी स्कूलों में ऑनलाइन प्रवेश, पारदर्शी प्रक्रिया से मिला शिक्षा को नया विस्तार
रायपुर। राज्य में शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया को इस वर्ष पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी तरीके से संपन्न किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के जरिए 14,403 बच्चों का चयन कर उन्हें निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया।
इस प्रक्रिया के तहत राज्यभर से कुल 38,439 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 27,203 आवेदन पात्र पाए गए। निर्धारित मापदंडों के आधार पर इन पात्र आवेदनों में से ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। पूरी प्रक्रिया राज्य स्तर पर तय समय-सारिणी के अनुसार पूरी की गई, जिसमें शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर बच्चे को समान अवसर के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने यह भी बताया कि RTE के तहत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित हैं।
वर्तमान में इस योजना के माध्यम से प्रदेश में 3 लाख 63 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी विकास को मजबूती मिल रही है।

admin 





