अवैध वसूली के आरोप में तीन पुलिसकर्मी लाइन अटैच, SSP ने की सख्त कार्रवाई
बिलासपुर। पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां ढाबा संचालक से अवैध वसूली की कोशिश और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। शिकायत मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने त्वरित कदम उठाते हुए एक एएसआई सहित तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मियों ने ढाबा संचालक को हिरासत में लेने के बाद थाने में रखने के बजाय थाने के पीछे स्थित एक पुराने खंडहरनुमा मकान में रखा। वहां उसे अवैध शराब के मामले में फंसाने की धमकी दी गई और बिना कार्रवाई किए छोड़ने के बदले पैसों की मांग की गई।
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम की भनक जब थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को लगी, तो बिना किसी कार्रवाई के ढाबा संचालक को छोड़ दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने खुद को सुरक्षित पाते ही एसएसपी से शिकायत की और पूरे मामले का खुलासा किया।
ढाबा संचालक ने अपनी शिकायत में बताया कि मस्तूरी थाने के तीन पुलिसकर्मियों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से तीनों आरोपियों को लाइन अटैच कर दिया है और आगे की जांच के निर्देश दिए हैं।

admin 





