इश्क का खौफनाक अंजामः प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी ने लगाई फांसी, कॉल डिटेल्स से खुला राज

इश्क का खौफनाक अंजामः प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी ने लगाई फांसी, कॉल डिटेल्स से खुला राज

निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में सामने आए दिल दहला देने वाले डबल मर्डर-सुसाइड केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। प्रेम संबंधों के उलझे ताने-बाने ने ऐसा भयावह रूप लिया कि एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी।

यह पूरा मामला सेंदरी थाना क्षेत्र के पहाड़ी ठिमरपुरा का है, जहां रविवार को एमपी-यूपी बॉर्डर पर युवक-युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। युवती की हत्या धारदार हथियार से गला काटकर की गई थी, जबकि युवक का शव घटनास्थल से करीब 60 फीट दूर पेड़ से लटका मिला।

पुलिस जांच में मृतक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के टहरौली थाना क्षेत्र के सिरोनी गांव निवासी 24 वर्षीय हरेंद्र केवट के रूप में हुई है, जबकि युवती सागर जिले की रहने वाली थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन रिश्ते की हकीकत ने इस कहानी को खौफनाक मोड़ दे दिया।

जांच में सामने आया कि हरेंद्र पहले से शादीशुदा था, जबकि युवती की भी शादी तय हो चुकी थी। युवती प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और आखिरकार युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को युवती घर से किसी काम का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन खंगाली, तो इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में बढ़ता असंतुलन कब और कैसे जानलेवा बन जाता है।