जशपुर में Hedgexfund के नाम पर पैसे दोगुना करने का दिया झांसा, 6 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में रुपये दोगुना करने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ‘hedgexfund’ नामक नेटवर्क कंपनी के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, कापू टोली निवासी 26 वर्षीय उर्मिला बाई ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी पहचान रूपसेरा भलमंडा निवासी कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी। बाद में ये दोनों अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उनकी मां चंद्रमणि बाई के घर पहुंचे और खुद को ‘hedgexfund’ कंपनी का सदस्य बताते हुए निवेश पर 3 माह में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया।
आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि यदि पैसा दोगुना नहीं हुआ तो ब्याज सहित पूरी राशि लौटा दी जाएगी। इस लालच में आकर उर्मिला बाई और उनकी मां समेत कई ग्रामीणों ने निवेश किया। उर्मिला बाई ने अलग-अलग तिथियों में कुल 1.70 लाख रुपये नगद और डिजिटल माध्यम से आरोपियों को दिए, वहीं उनकी मां ने भी 40 हजार रुपये निवेश किए।
ठगों ने पीड़ितों के नाम पर आईडी और पासवर्ड बनाकर एक ऑनलाइन वॉलेट उपलब्ध कराया, जिसमें रकम डॉलर में दिखाई जाती थी। कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया, जिसके बाद पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को जेल भेज दिया गया है।
वहीं मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (क्रमांक JH-01FU-9460) भी जब्त की गई है। पुलिस का मानना है कि इस ठगी में पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम दोनों बढ़ सकती हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

admin 





