NEET UG 2026: परीक्षा से पहले बड़ा अपडेट, जारी हुई सिटी इंटिमेशन स्लिप; ऐसे जानें अपना एग्जाम शहर

NEET UG 2026: परीक्षा से पहले बड़ा अपडेट, जारी हुई सिटी इंटिमेशन स्लिप; ऐसे जानें अपना एग्जाम शहर

नई दिल्ली/रायपुर। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्रों के लिए अहम खबर सामने आई है। National Testing Agency (NTA) ने NEET UG 2026 के अभ्यर्थियों के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। इस स्लिप के जरिए उम्मीदवार यह पता लगा सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित होगी, जिससे वे समय रहते अपनी यात्रा और ठहरने की योजना बना सकें।

स्पष्ट कर दें कि सिटी इंटिमेशन स्लिप को एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा। यह केवल परीक्षा शहर की अग्रिम जानकारी देने के लिए जारी की जाती है। वास्तविक एडमिट कार्ड अलग से जारी होगा, जिसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रोल नंबर और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश शामिल होंगे।

इस वर्ष NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसी परीक्षा के माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, आयुष और नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा देश के 500 से अधिक शहरों के साथ-साथ कुछ विदेशी केंद्रों पर ऑफलाइन (पेन-पेपर मोड) में आयोजित होगी।

ऐसे डाउनलोड करें सिटी इंटिमेशन स्लिप:

सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं

होमपेज पर “NEET UG 2026 City Intimation” लिंक पर क्लिक करें

अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें

स्क्रीन पर दिख रहे सुरक्षा पिन को भरकर सबमिट करें

स्लिप स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट किया जा सकता है

यदि किसी अभ्यर्थी को स्लिप डाउनलोड करने में दिक्कत आती है या जानकारी में कोई त्रुटि दिखाई देती है, तो वे तुरंत NTA की हेल्पलाइन या आधिकारिक ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। विशेषज्ञों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें।