पूर्व क्रिकेटर Vinod Kambli की हालत नाजुक, ब्रेन क्लॉट से स्ट्रोक का खतरा बढ़ा
मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर Vinod Kambli एक बार फिर अपनी बिगड़ती सेहत और निजी चुनौतियों को लेकर चर्चा में हैं। 1990 के दशक में भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में गिने जाने वाले कांबली को कभी अपने बचपन के दोस्त Sachin Tendulkar के बराबर प्रतिभाशाली माना जाता था, लेकिन समय के साथ उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ठहर गया।
इन दिनों कांबली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनके करीबी दोस्त के मुताबिक उनकी हालत बेहद चिंताजनक है और उन्हें ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, उनके पुराने साथी खिलाड़ियों ने उनकी आर्थिक मदद के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसमें Sachin Tendulkar सहित कई क्रिकेटर सहयोग कर रहे हैं।
कांबली के दोस्त मार्क्स कूटो ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल’ से बातचीत में बताया कि उनकी चलने-फिरने की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन याददाश्त से जुड़ी समस्या अब भी बनी हुई है। वे पुरानी बातों को ठीक से याद नहीं रख पा रहे हैं और कई बार चीजें भूल जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कांबली के दिमाग में खून का थक्का (क्लॉट) मौजूद है, जिसे हटाना संभव नहीं है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि इससे ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, अपनी इच्छाशक्ति के दम पर कांबली धीरे-धीरे स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

admin 





