जगदलपुर में गूंजा ‘जय संविधान, जय भीम’ का नारा, अम्बेडकर जयंती पर सर्व समाज की भव्य भागीदारी
जगदलपुर। भारत रत्न B. R. Ambedkar की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को जगदलपुर के लाल बाग मैदान स्थित स्मृति स्थल पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एससी, एसटी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक समाज सहित सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का अधूरा मिशन समाज को मिलकर पूरा करना होगा और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना आज की आवश्यकता है।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर बाबा साहब के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

अम्बेडकर जयंती के अवसर पर बस्तर जिले के गांव-गांव में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं जगदलपुर शहर में चौक-चौराहों को सजाया गया और बाबा साहब के योगदान से जुड़े पोस्टर व चित्र प्रदर्शित किए गए। डीजे के माध्यम से बाबा साहब पर आधारित गीतों के साथ नगर भ्रमण भी किया गया, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बस्तर संभाग के सर्व समाज की ओर से कलेक्टर के नाम 15 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें शहीदों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एससी, एसटी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक समाज के प्रतिनिधियों ने सभी समाजजनों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

admin 





