ATM मशीन तोड़कर चोरी की कोशिश नाकाम, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

ATM मशीन तोड़कर चोरी की कोशिश नाकाम, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

खैरागढ़। उदयपुर क्षेत्र में ATM मशीन तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। 14 अप्रैल को उदयपुर स्थित एक ATM में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। जब मशीन की देखरेख करने वाला कर्मचारी मौके पर पहुंचा, तो ATM बंद मिला और अंदर का दृश्य देख वह हैरान रह गया। मशीन और लॉबी में व्यापक नुकसान हुआ था, जिससे साफ था कि किसी ने पूरी योजना के तहत चोरी की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते वह सफल नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, मूवमेंट और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से बचने की कोशिश कर रहा है। संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर के रूप में हुई। उसने ATM में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।