खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: खेल के संग संस्कृति का संगम, छत्तीसगढ़ ने जीता खिलाड़ियों का दिल

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: खेल के संग संस्कृति का संगम, छत्तीसगढ़ ने जीता खिलाड़ियों का दिल

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत छत्तीसगढ़ पहुंचे विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार और पर्यटन मंडल द्वारा खेल के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में अरुणाचल प्रदेश के फुटबॉल खिलाड़ियों को सिरपुर, बारनवापारा और नया रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराया गया।

भ्रमण की शुरुआत सिरपुर से हुई, जहां खिलाड़ियों ने प्राचीन लक्ष्मण मंदिर और बौद्ध स्मारकों के दर्शन किए। उन्हें सिरपुर के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की जानकारी दी गई।

इसके बाद खिलाड़ी बारनवापारा अभयारण्य पहुंचे, जहां प्राकृतिक वातावरण के बीच बैंबू राफ्टिंग का अनुभव कराया गया। हरेली इको रिसॉर्ट, मोहदा में उन्होंने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और स्थानीय आतिथ्य का अनुभव किया।

अगले चरण में खिलाड़ियों को नया रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय ले जाया गया, जहां उन्होंने जनजातीय वीरों की गाथाएं, पारंपरिक जीवनशैली, कला, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।

खिलाड़ियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहा और इससे उन्हें भारत की विविधता को समझने का अवसर मिला।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की यह पहल खिलाड़ियों को राज्य की संस्कृति से जोड़ने के साथ “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार कर रही है। इससे राज्य की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।