IGKV पेपर लीक के बाद आज से दोबारा परीक्षाएं, पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल से भेजे गए प्रश्नपत्र

IGKV पेपर लीक के बाद आज से दोबारा परीक्षाएं, पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल से भेजे गए प्रश्नपत्र

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक के बाद स्थगित की गई परीक्षाएं 7 सितंबर से दोबारा शुरू हो रही हैं। लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा और प्रश्नपत्र वितरण की व्यवस्था में बदलाव किया है।

नई व्यवस्था के तहत अब प्रश्नपत्र कॉलेजों को पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल के जरिए भेजे जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले कॉलेज प्रबंधन को पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया कमेटी की मौजूदगी में होगी और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

विश्वविद्यालय के अनुसार, बिना पासवर्ड के ई-मेल में भेजे गए प्रश्नपत्र को खोला नहीं जा सकेगा। परीक्षा केंद्रों पर पूरी प्रक्रिया की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को भी भेजी जाएगी।

बता दें कि पिछले महीने दुर्ग के एक निजी कॉलेज से तीन विषयों के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। इनमें बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष का एंटोमोलॉजी, बीएससी प्रथम वर्ष का प्लांट पैथोलॉजी और प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर का फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स का प्रश्नपत्र शामिल था। पेपर परीक्षा से कुछ घंटे पहले वाट्सऐप पर वायरल हुए थे, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं।

पेपर लीक मामले में विश्वविद्यालय ने दो महिला ऑब्जर्वर को निलंबित करने के साथ स्नातक स्तर के परीक्षा प्रभारी को भी पद से हटा दिया था। वहीं, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वितरण से जुड़े अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठे थे।