जन सेवा संकल्प यात्रा पूरी करने  वालों का सीएम ने किया सम्मान

जन सेवा संकल्प यात्रा पूरी करने  वालों का सीएम ने किया सम्मान
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक चली जल जन सेवा संकल्प यात्रा पूरी करने के बाद छत्तीसगढ़ लौटे सेवा तीर्थ यात्रियों का मुख्यमंत्री निवास में सम्मान समारोह एवं सहभोज आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने यात्रियों के सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प की सराहना की।
वाराणसी की पावन धरती से गुजरात के वडनगर तक निकली यह 21 दिवसीय यात्रा धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना के साथ जनसेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य करते हुए यात्रियों ने 72 जिले, 130 तहसील और 700 से अधिक गांवों तक पहुंचकर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रसेवा का संदेश प्रसारित किया। 
छत्तीसगढ़ आगमन पर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर, प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा, जगदीश रामु रोहरा, धमतरी महापौर अमन प्रताप, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल पाण्डेय एवं प्रदेश मंत्री सन्नी केसरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवा तीर्थ यात्रियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सहभोज के माध्यम से यात्रा में शामिल युवाओं के बीच आपसी समन्वय, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता की भावना को मजबूती मिली। कार्यक्रम में युवाओं की सामाजिक भूमिका, सेवा-संस्कार और राष्ट्र निर्माण में योगदान के महत्व को रेखांकित किया गया।