क्लब में आधी रात बवाल: नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

क्लब में आधी रात बवाल: नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित एक क्लब में आधी रात जमकर हंगामा हो गया। क्लब में मौजूद नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों के साथ कथित तौर पर जबरन छेड़छाड़ की कोशिश की गई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर गुढ़ियारी निवासी पवन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि वीआईपी रोड के क्लब, कैफे, बार और रेस्टोरेंट्स अब नशे और विवादों का केंद्र बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में हायपर क्लब में देर रात यह घटना सामने आई। आरोप है कि पवन सिंह ठाकुर नशे की हालत में क्लब पहुंचा और वहां मौजूद नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों का हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और क्लब में मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू के अनुसार, हायपर क्लब में देर रात विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। मामले में आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है तथा जांच जारी है।