महिला दिवस पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन की पहल : वृद्ध मातृ-शक्तियों का किया सम्मान

महिला दिवस पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन की पहल : वृद्ध मातृ-शक्तियों का किया सम्मान

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट

किरंदुल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) किरंदुल के तत्वावधान में गांधी भवन में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज की जरूरतमंद एवं वृद्ध मातृ-शक्तियों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित स्कूली छात्राओं को पेन-कलम वितरित किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था। विशेष रूप से उन वृद्ध मातृ-शक्तियों का सम्मान किया गया जिनका जीवन संघर्ष, अनुभव और त्याग समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।

यह कार्यक्रम यूनियन के अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं सचिव ए. के. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर ए. के. सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा वृद्ध माताओं का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) केवल श्रमिकों के अधिकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभाती रही है।

कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ए. के. सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संगठन सचिव राकेश लाल ने किया।