बदला मौसम का मिजाजः आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान में होगी गिरावट 

Weather

बदला मौसम का मिजाजः आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान में होगी गिरावट 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। दक्षिणी क्षेत्रों के बाद अब मध्य इलाकों में भी तेज हवाओं, अंधड़ और बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। आसमान में बादलों की मौजूदगी के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल गरजने की घटनाएं भी सामने आईं।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में तापमान में गिरावट का सिलसिला अभी जारी रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है।

गुरुवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी चेतावनी जारी की है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही अगले दो दिनों में हल्की बारिश के आसार भी जताए गए हैं।

राजधानी रायपुर में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और उसके आसपास सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर आंतरिक ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका फैली हुई है।

इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं, कुछ स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की उम्मीद है।