भारतमाला घोटाला: ईडी टीम से धक्का-मुक्की, अभनपुर में गांधी बंधुओं पर एफआईआर दर्ज
Bharatmala
रायपुर। रायपुर-विशाखापत्तनम भारतमाला परियोजना में भूमि अधिग्रहण मुआवजे से जुड़े कथित घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद रायपुर जिले के अभनपुर थाने में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के भाइयों, सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम जांच के सिलसिले में अभनपुर और धमतरी क्षेत्र में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर ईडी अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की, अभद्रता की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया। अधिकारियों का आरोप है कि जांच प्रक्रिया को बाधित करने और कार्रवाई रोकने की कोशिश की गई।
घटना के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में ईडी की टीम ने करीब 15 घंटे तक अपनी जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी रखी। मामले में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि ईडी ने 27 अप्रैल को रायपुर, अभनपुर, धमतरी और कुरुद सहित कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। यह कार्रवाई रायपुर-विशाखापत्तनम भारतमाला परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण मुआवजे में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों के संबंध में साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से की गई। इस छापेमारी के दायरे में एक वरिष्ठ भाजपा विधायक के चचेरे भाई समेत कई प्रभावशाली लोगों के ठिकाने भी शामिल रहे।

admin 





