विधवा भाभी के साथ देवर ने किया ऑनलाइन फ्रॉड, धीरे-धीरे पार की इतनी रकम कि जानकर आप रह जाएंगे हैरान
Onilne Fraud
बुलंदशहर। जिले में रिश्तों के भरोसे को तोड़ने वाला एक सनसनीखेज साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराध थाना पुलिस ने 22 लाख रुपये की ठगी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी पीड़िता का अपना देवर ही निकला।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता माया देवी, जो विधवा हैं, के साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि उनके देवर तेजवीर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोपियों ने पहले पीड़िता के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर को बदलवाया और ई-सिम सक्रिय कर अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद उन्होंने खाते तक पहुंच बनाकर धीरे-धीरे करीब 22 लाख रुपये निकाल लिए।
जब माया देवी को खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई, तो उन्होंने तत्काल साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि इस पूरे मामले के पीछे पीड़िता का देवर तेजवीर ही है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तेजवीर सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 50 हजार रुपये नकद और वारदात में उपयोग किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने अब तक करीब 1 लाख 84 हजार रुपये की राशि पीड़िता के खाते में वापस भी कराई है।
साइबर अपराध थाना पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते और मोबाइल नंबर से जुड़ी जानकारी को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

admin 





